नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ( AAP ) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ( Arvind Kejriwal ) ने बुधवार को अपने आवास पर पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई है। आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने यह जानकारी दी। गोपाल राय ने बताया कि बैठक सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू होनी तय है और विधायक आप के विधायक दल का नेता चुनेंगे।

आप नेता ने बताया कि पार्टी मुख्यमंत्री पद के शपथग्रहण समारोह के लिए दो तारीखों 14 फरवरी और 16 फरवरी पर विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह स्थल के लिए रामलीला मैदान पर विचार किया जा रहा है और भव्य कार्यक्रम की योजना है। आप नेता ने साफ किया कि शपथ ग्रहण समारोह स्थल के लिए अंतिम फैसला अभी किया जाना बाकी है। उन्होंने बताया कि पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के बाद उपराज्यपाल अनिल बैजल को इसकी जानकारी दी जाएगी जिसके बाद एक अधिसूचना जारी होगी।

आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के मंगलवार को आए नतीजों में आप ने 70 विधानसभा सीटों में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बाकी के 8 सीटों पर कब्जा जमाया वहीं कांग्रेस खाता नहीं खोल पाई।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2vtg32A
via Top News in Hindi