राज्य की 17 लोकसभा सीटों के लिए आज होगा मतदान

 

मुंबई.

राज्य की 17 लोकसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान होगा। इसके साथ ही चौथे व अंतिम चरण के मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इस चरण में तीन करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए चाक चौबंद व्यवस्थाएं की है और 325 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील माना है। करीब एक लाख आठ हजार ईवीएम मशीनों का और 40309 वीवीपीएटी का प्रयोग किया जाएगा। अंतिम चरण का मतदान बड़े नेताओं के लिए खासा महत्वपूर्ण है। इनमें मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा, मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम, पूर्व मंत्री विजय गावित की बेटी हीना गावित, केन्द्रीय मंत्री सुभाष भामरे, एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे, गोपाल शेट्टी, भाजपा के दिग्गज नेता स्वर्गीय प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन, फिल्म अभिनेता संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त, फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, एकनाथ गायकवाड़, छगन भुजबल का भतीजा समीर भुजबल, मराठी अभिनेता अमोल कोल्हे प्रमुख हैं।

मोदी ने की नौ बड़ी सभाएं

अंतिम चरण के लिए प्रचार में भाजपा-शिवसेना युति और कांग्रेस-राकांपा महाआघाड़ी ने कोई कमी नहीं छोड़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस चरण में नौ बड़ी सभाएं की हैं, वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सात सभाएं की है। 17 सीटों में से 10 सीटों पर शहरी आबादी ज्यादा है। ठाणे सबसे बड़ा संसदीय क्षेत्र है, जिसमें 23 लाख से ज्यादा वोटर हैं।

40 हजार से ज्यादा जवान तैनात

मुंबई में सुरक्षा की दृष्टि से 40 हजार से ज्यादा जवान तैनात रहेंगे और 6000 कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। गंभीर किस्म के 204 गुंडों को तड़ीपार किया गया है, 5765 अपराधियों को नोटिस जारी किए गए हैं, वहीं 4833 को जमानती वारंट जारी किया गया है। पुलिस ने 390 से ज्यादा अवैध हथियार भी जब्त किए हैं। इस चरण में भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, फिल्मी दुनिया के मशहूर सितारे लता मंगेशकर, अमिताभ बच्चन, सलमान खान, अजय देवगन, काजोल, माधुरी दीक्षित, आमिर खान, अनिल कपूर, सोनम कपूर, धनपति मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, मंगल प्रभात लोढ़ा, राजनेता उद्दव ठाकरेे, शरद पवार,रेल मंत्री पीयूष गोयल, केन्द्रीय मंत्री रामदास अठावले, मनोहर जोशी आदि मताधिकार का प्रयोग करेंगे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2V5Hfkf
via Top News in Hindi

Post a Comment

0 Comments