वाराणसी. यूपी के वाराणसी में बारिश से बचने के लिये लस्सी की दुकान में शरण लेने वाली छात्रा के साथ दुकानदार व तीन अन्य युवकों ने मिलकर दरिंदगी की कोशिश की। छात्रा ने उन लोगों की दरिंदगी का विरोध किया तो वो मनमानी पर उतर आए। लड़की के मुंह में जबरन पनीर और लस्सी डाल दिया, उनकी इस हरकत से लड़की बेहद डरी और सहम गयी। इस घटना को लेकर थाने पर भारी हंगामा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दुकानदार के साथ ही दो युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी। छात्रा का आरोप है कि अगर पुलिस समय पर पहुंच जाती तो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता था।
जानकारी के मुताबिक बनारस में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाली मूल रूप से आजमगढ़ की निवासी छात्रा लंका इलाके में किराए के मकान में रहती है। रविवार की शाम वह दुर्गाकुंड स्थित कोचिंग से लौट रही थी कि इसी दौरान तेज बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिये वह सड़क किनारे लस्सी की दुकान में खड़ी हो गयी।
पीड़ित लड़की ने दावा किया है कि वह जब लस्सी की दुकान में घुसी तो दुकानदार और वहां मौजूद कुछ युवकों की नीयत खराब हो गयी। उन लोगों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी, विरोध करने पर दरिंदगी पर उतारू हो गए और मनमानी शुरू कर दी। उन लोगों ने लड़की को पकड़कर उसके मुंह में जबरन लस्सी और पनीर डाल दिया। मारपीट की भी कोशिश की गयी। किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर छात्रा वहां से भागी और अपने साथ हुई पूरी घटना की सूचना डायल 100 को दी और दोस्तों को भी खबर कर दी।
कुछ देर बाद दर्जन भर की संख्या में उसके साथी छात्र वहां पहुंचे तो तीनों युवक वहां से फरार हो चुके थे। वहां से दो युवकों को पकड़कर वो लोग लंका थाने ले गए और वहां छात्रा के साथ घटी घटना को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने छात्रा की तहरीर के आधार पर छेड़खानी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लंका इंस्पेक्टर का कहना है कि हिरासत में लिये गए दोनों युवकों के अनुसार छात्रा के साथ छेड़खानी में बगल की मोबाइल की दुकान पर काम करने वाले युवक शामिल थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Zhqzr0
via Top News in Hindi


0 Comments