नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े अयोध्या विवाद ( रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद ) पर बुधवार को आखिरी बहस होगी। यह विवाद अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। आज हिंदू और मुस्लिम पक्षकारों की ओर से शीर्ष अदालत के सामने अंतिम दलीलें रखी जाएंगी।
बता दें कि मंगलवार को सीजेआई रंजन गोगोई ने ऐसे संकेत दिए थे कि 16 अक्टूबर को सुनवाई खत्म हो जाएगी।
इस मामले की सुनवाई का आखिरी दिन 17 अक्टूबर तय किया गया था, लेकिन बहस के लिए आखिरी दिन 16 अक्टूबर है। 17 अक्टूबर को ‘मोल्डिंग ऑफ रिलीफ’ के लिए रिजर्व रखा गया है। इस दौरान दोनों पक्षकार अपनी मांग सुप्रीम कोर्ट के सामने रखेंगे।
अयोध्या में हलचल तेज
दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट में इस विवाद की सुनवाई अंतिम दौर में पहुंचते ही अयोध्या में भी इस बात को लेकर हलचल तेज हो गई है। अयोध्या में 10 दिसंबर तक धारा 144 लगा दी गई है। अयोध्या शहर में संतों का पहुंचना शुरू हो गया है। अयोध्या में किसी तरह से हालात न बिगड़े इसके लिए सुरक्षाबल भी मुस्तैद हैं।
आज कौन-कितनी देर तक रखेगा दलील?
सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को सबसे पहले हिंदू पक्ष की ओर से निर्मोही अखाड़ा के वकील अपनी अंतिम दलील देंगे। बुधवार को हिंदू पक्ष के वकील सीएस वैद्यनाथन को बहस के लिए 45 मिनट मिलेंगे। इसके अलावा हिंदू पक्षकारों के अन्य वकीलों को भी इतना ही समय मिलेगा। आखिरी में मुस्लिम पक्ष के वकील राजीव धवन को जवाब देने के लिए एक घंटे का समय मिलेगा।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/32kgaJA
via Top News in Hindi


0 Comments