केजरीवाल सरकार में विभागों में नहीं होगा कोई बड़ा फेरबदल, सीएम के साथ छह मंत्री लेंगे शपथ

नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल रविवार को तीसरी बार दिल्ली के सीएम पद की शपथ लेंगे। रामलीला मैदान से करीब 12.30 बजे लोगों को संबोधित करेंगे। उनके मंत्रिमंडल में छह सहयोगी भी शपथ ग्रहण करेंगे। पुराने मंत्रियों के साथ नई सरकार चलाने के लिए केजरीवाल ने अभी तक विभागों का बंटवारा नहीं किया है। माना जा रहा हैं कि विभागों को लेकर कोई बड़ा फेरबदल नहीं होगा। इससे पहले अटकलें थी कि आप की नई सरकार में राघव चड्ढा, आतिशी जैसे कई युवा चेहरों को शामिल किया जा सकता है। शपथ समारोह के मंच पर दिल्ली को संवारने में अपना विशेष योगदान देने वाले 50 अतिथि भी शामिल होंगे।

आज केजरीवाल तीसरी बार लेंगे CM पद की शपथ, रामलीला मैदान में दिल्ली की जनता होगी मेहमान

विशेष अतिथियों में डॉक्टर, शिक्षक, बाइक एंबुलेंस राइडर्स, सफाई कर्मचारी, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, बस मार्शल, ऑटो ड्राइवर आदि शामिल होंगे। खास बात यह है कि दिल्ली की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पूरी दिल्ली को बुलावा भेजा गया है। एक अनुमान के अनुसार एक लाख लोग रामलीला मैदान पहुंच सकते हैंं। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने आवाजाही को आसान बनाने के लिए योजना बनाई है।

समारोह की तैयारी बड़े स्तर पर की गई है। शनिवार दोपहर बाद दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने समारोह की समीक्षा की। इसके साथ तैयारियों का मुआयना भी किया। उन्होंने बताया कि मंच के नजदीक करीब 40 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं,जबकि पीछे की तरफ खाली स्थान छोड़ा गया है, जिससे भीड़ बढ़ने पर लोगों को खड़े होकर सुनने में कोई परेशानी न हो। वहीं दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस ने कुछ रास्तों को बंद करने के साथ ट्रैफिक को डायवर्ट किया है।

आपकों बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनावों तीसरी बार आप ने विजय हासिल की है। मंगलवार को आए नतीजों में आम आदमी पार्टी ने पचास फीसदी से ज्यादा वोट लेकर 62 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं भाजपा के विधायकों की संख्या तीन से बढ़कर आठ हुई है। कांग्रेस पिछली बार की तरह इस बार भी शून्य पर रह गई है। कांग्रेस के 63 प्रत्याशियों की जमानत भी जब्त हो गई है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2OX1pYw
via Top News in Hindi

Post a Comment

0 Comments