Stock Market LIVE: मंगलवार को सेंसेक्स और निफ्टी में जारी है उतार-चढ़ाव, सेंसेक्स 629 अंक गिरकर खुला बाजार

नई दिल्ली। अमरीकी शेयर बाजारों के रिकॉर्ड नीचे जाने का असर भारत के बाजारों पर भी दिखा। आज मुंबई स्टाॅक एक्सचेंज खुलते ही 629 अंक गिरा और अब 134 अंकों का चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। वहीं सोमवार को अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड गिरावट आई थी। डाउ जोंस करीब 3,000 अंक गिरकर बंद हुआ था। बता दें कि अमरीकी बाजार में करीब 7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों में डर है कि कोरोना वायरस के कारण विश्व मंदी की ओर बढ़ रहा है।

सोमवार को भारतीय बाजार में कोरोना के कहर से आई भारी गिरावट के चलते सर्राफा बाजार में बिकवाली के भारी दबाव में सोना 2 हजार रुपए प्रति किलो 10 ग्राम टूटा तो चांदी में 6 हजार रुपए प्रति किलो से ज्यादा की गिरावट आई। सोने का भाव भारतीय सर्राफा बाजार में 40 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गया। वहीं चांदी 36,640 रुपए प्रति किलो तक लुढ़की।

भारी गिरावट के बारे में इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के नेशनल सेकेट्ररी सुरेंद्र मेहता ने बताया कि शेयर बाजार में भारी गिरावट के समय निवेशकों के लिए महंगी धातुएं सोना और चांदी संकटमोचक बन गईं और वे सोना और चांदी बेचकर अपनी नकदी की जरूरतों को पूरा करने लगे।

दूसरी तरफ कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने के बाद अमरीका आर्थिक गतिविधियों को सुधारने के लिए फेडरल रिजर्व, लॉमेकर्स और व्हाइट हाउस द्वारा उठाए अप्रत्याशित कदमों से निवेशकों में घबराहट फैल गई। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील का बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा। ट्रंप ने अमरीकी नागिरकों से अपील की वे सामाजिक गतिविधियों को 15 दिन के लिए रोक दें और 10 लोग से ज्यादा एक साथ एकत्र न हों। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमरीका मंदी की तरफ बढ़ रहा है।

अमरीकी राष्ट्रपति की अपील के बाद कारोबार में डाउ जोंस 12.93 फीसदी गिरकर 20,188.50 पॉइंट पर पहुंच गया। नैस्डैक कंपोजिट में 12.32 फीसदी और एसएंडपी में 11.98 फीसदी की गिरावट आई। नैस्डैक 970 अंक गिरकर 6,904.59 पर बंद हुआ। इसी तरह, एसएंडपी 324 अंक नीचे 2,386.16 पर बंद हुआ।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2TUyGpY
via Top News in Hindi

Post a Comment

0 Comments