(कटरा): वैष्णो देवी के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। जल्द ही श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड श्रद्धालुओं के लिए मां वैष्णो देवी के नए ताराकोट मार्ग के तारा कोट स्थल पर निशुल्क लंगर की सुविधा देने जा रहा है। श्रद्धालुओं को 24 घंटे यह निशुल्क लंगर प्रसाद के रूप में उपलब्ध होगा। इसे लेकर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। श्राइन बोर्ड प्रशासन 15 मई से यह सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके लिए राशन के साथ ही बर्तनों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। गौरतलब है कि देश के कई अन्य सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर प्रसाद के नाम पर निशुल्क लंगर सेवा लगातार जारी है। श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यह फैसला लिया है।
एक समय में 180 श्रद्धालु कर सकेंगे भोजन
श्राइन बोर्ड की ओर से जो अत्याधुनिक भोजनालय बनाया गया है, उसमें अब श्रद्धालुओं को जल्द ही निशुल्क प्रसाद उपलब्ध होगा। आंधी हो या तूफान या गर्मी हो या सर्दी, हर एक मौसम में श्रद्धालु बड़े आराम से बैठकर इस भोजनालय में निशुल्क प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। इस भोजनालय में एक ही समय में करीब 180 श्रद्धालु ही भोजन कर सकते हैं। श्राइन बोर्ड का कहना है कि अगर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक बढ़ती है, तो श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टिकट काउंटर की स्थापना की जाएगी।
लंगर सेवा स्थल पर डोनेशन बॉक्स की भी होगी स्थापना
अगर कोई श्रद्धालु लंगर सेवा को लेकर दान करना चाहता हो तो उसके लिए जहां इस भोजनालय में डोनेशन बॉक्स लगाए जाएंगे, तो वही डोनेशन काउंटर की भी स्थापना की जाएगी, ताकि श्रद्धालु अपनी इच्छा अनुसार दान दे सकें। वही श्राइन बोर्ड का कहना है कि इस लंगर सेवा से मिली राशि को लंगर सेवा पर ही खर्च किया जाएगा। अगर यह लंगर सेवा सफल रहती है, तो निकट भविष्य में इस लंगर सेवा का विस्तार कर मां वैष्णो देवी के प्राचीन मार्ग के साथ ही बैटरी कार मार्ग पर भी यह लंगर सेवा शुरू करने पर विचार किया जाएगा।
सुबह मिलेगा हलवा पूड़ी और दिन में डोगरी खाना
सुबह के नाश्ते में जहां श्रद्धालुओं को चना, पूरी, हलवा के अलावा चाय उपलब्ध करवाई जाएगी। तो वहीं दिन के समय श्रद्धालुओं को डोगरी खाना उपलब्ध होगा जिसमें दाल, चावल तथा अंबल प्रमुख है। वहीं शाम के समय में चाय के साथ मटृठी तथा रस आदि शामिल हैं। रात्रि के समय सब्जी, दाल, रोटी तथा मिष्ठान आदि उपलब्ध होगा।
लंगर प्रसाद सेवा शुरू करने की तैयारियां अब अंतिम चरण में है। देश के अन्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की भांति मां वैष्णों के भक्तों को भी भवन व यात्रा मार्ग पर लंगर उपलब्ध होगा। श्रद्धालुओं की जानकारी के लिए श्राइन बोर्ड इस निशुल्क लंगर सेवा को अपनी अधिकारिक वेबसाइट पर भी डालेगा। - सिमरनदीप सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2GHIjC7
via Top News in Hindi


0 Comments