(जम्मू): जम्मू कश्मीर राज्य की शीतकालीन राजधानी जम्मू में आज से छह महीने के लिए सचिवालय और अन्य मूव कार्यालय बंद हो गए। अब श्रीनगर में छह मई को दरबार लगेगा। इसके साथ ही दरबार मूव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कश्मीर के कर्मचारियों का काफिला और रिकॉर्ड आज श्रीनगर के लिए रवाना हो गया।
रिकॉर्ड को एक दो दिन पहले से ही पैक किया जा रहा था। सरकार के 35 विभागों के रिकॉर्ड को ट्रकों में लोड कर लिया गया है। सरकारी दस्तावेजों के साथ करीब 10 हजार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी और कर्मचारी श्रीनगर के लिए रवाना होंगे। जम्मू के कर्मचारियों को करीब एक सप्ताह तक अपने घरों में विश्रम करने का मौका मिलेगा, जबकि कश्मीर के कर्मचारी कुछ दिन अपने परिवार के साथ बिताएंगे। जम्मू के कर्मचारी चार और पांच मई को श्रीनगर रवाना होंगे।
सचिवालय और अन्य मूव कार्यालयों में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपना कामकाज समेटा और ट्रकों में लोड करने के लिए भेज दिया। स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एसआरटीसी) के ट्रक दोपहर बाद सचिवालय और अन्य मूव कार्यालयों में पहुंचे और श्रमिकों से अधिकारियों की उपस्थिति में रिकॉर्ड को लोड किया। श्रीनगर में मूव कर्मचारियों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पहले से ही प्रबंध किए गए हैं।
दरबार खुलने से पहले राज्यपाल परेड की सलामी लेंगे: छह मई को श्रीनगर में दरबार खुलने से पहले राज्यपाल सत्यपाल मलिक परेड की सलामी लेंगे और विभिन्न विभागों के कामकाज का निरीक्षण करेंगे। राज्यपाल प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट रूप से कह दिया है कि बायोमीट्रिक हाजिरी के सिस्टम को पूरी तरह अपनाया जाए। कर्मचारियों और रिकॉर्ड की आवाजाही को देखते हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कड़ी चौकसी बरती जाएगी।
श्रीनगर में एक सौ से अधिक होटलों और किराये के मकानों में कर्मचारियों को ठहराया जाएगा। इनमें अधिकतर कर्मचारी जम्मू से संबंधित होंगे क्योंकि कश्मीर के कुछ कर्मचारी छह महीने तक अपने घरों में रहेंगे।
दरबार मूव हो जाने के बाद जम्मू में समर सचिवालय में 12 अधिकारी व कर्मचारी उपलब्ध होंगे। सामान्य प्रशासनिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 29 अप्रैल 2019 से पहले कार्य वाले दिन विभिन्न विभागों के 12 अधिकारी व कर्मचारी उपलब्ध होंगे। इनमें राजस्व विभाग में विशेष सचिव रोहित खजूरिया, तकनीकी शिक्षा विभाग में उप सचिव प्रीति शर्मा, पीडीडी में अधीनस्थ सचिव रीता कौल, हास्पिटलिटी एंड प्रोटोकोल विभाग के निजी सचिव हरङ्क्षवद्र सिंह, खाद्य एवं आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के विभाग में सेक्शन आफिसर गुलाम कादिर, एआरआई एंड ट्रेनिंग विभाग में हेड असिस्टेंट बसंती कौल, स्कूल शिक्षा विभाग में सीनियर असिस्टेंट तारा मनी, बागवानी विभाग में सीनियर असिस्टेंट अश्वनी कुमार, सामान्य प्रशासनिक विभाग में जूनियर असिस्टेंट रोमी शर्मा, तकनीकी शिक्षा विभाग में जमादार पृथ्वीपाल, सामान्य प्रशासनिक विभाग में तरुण खजूरिया और मुख्य सचिव कार्यालय में अर्दली बशीर अहमद शामिल हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2PzPJd9
via Top News in Hindi


0 Comments